विक्रमजोत। 33/11 विद्युत उपकेंद्र विक्रमजोत एट फूलडीह के मलौली फीडर पर आए दिन ब्रेकडाउन के चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली उप केंद्र पर रहती है पर फीडर के दर्जन भर गांव अंधेरे में रहते हैं।
क्षेत्र के सूरज यादव, शिवम, राजकुमार दूबे, विजय पांडेय, बृज किशोर, मनोज सिंह, रामनरेश, अनुपम सिंह सहित उपभोक्ताओं ने बताया कि बीते एक सप्ताह से मलौली फीडर के उपभोक्ताओं को बिजली प्रत्येक दिवस दो से तीन घंटे ही मिल रही है। वहीं अधिकतर समय तार सही करने सहित ब्रेकडाउन की समस्या के चलते आपूर्ति बिल्कुल नहीं मिल पाती है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न आने से जहां रात के अंधेरे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बीमार, बूढ़े, छोटे बच्चे व महिलाओं को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । विद्युत उपकरण घर में लगे सजावट के समान बनकर रह गए हैं। बताया कि यदि आपूर्ति बहाल भी हो गयी तब घण्टों रोस्टिंग के चलते आपूर्ति बंद हो जाती है और जैसे ही सप्लाई आती है लाइन ब्रेकडाउन में चली जाती है। संवाद