बस्ती। विद्युत वितरण मंडल की ओर से 23 जून को दो अवर अभियंताओं का स्थानांतरण शनिवार को विभाग में चर्चा का विषय बना रहा। स्थानांतरण आदेश के टिप्पणी कॉलम में लिखी वजह अन्य कर्मियों व अभियंताओं को मनचाही जगह सेवा देने की उम्मीद जगाने वाली है। इसमें लिखा गया है कि स्वयं के अनुरोध पर दोनों का स्थानांतरण किया गया है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने चालू सत्र के लिए ट्रांसफर नीति जारी कर दी है। चूंकि विद्युत वितरण निगम पावर काॅरपोरेशन के अधीन आता है। ऐसे में यह नीति बिना पावर काॅरपोरेशन के निर्देश के निगम पर लागू नहीं होती है। बिना पावर काॅरपोरेशन के निर्देश के सिर्फ प्रशासनिक आधार पर ही स्थानांतरण किया जा सकता है। इस बात की चर्चा विभाग के अंदरखाने में शनिवार को दिनभर होती रही। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दोनों अवर अभियंताओं के स्थानांतरण नियम विरुद्ध हैं क्योंकि बिना पॉलिसी और स्वयं के अनुरोध पर मनचाही जगह स्थानांतरण नहीं किया जा सकता है।
इनका हुआ स्थानांतरण
- शहर के अमहट विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता प्रशांत कुमार को कलवारी स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह कलवारी में तैनात प्रिंस कुमार को अवर अभियंता अमहट बनाया गया है। दोनों का स्थानांतरण उनके अनुरोध पर किया गया है।
- प्रशासनिक आधार पर दोनों अवर अभियंताओं का स्थानांतरण किया गया है। नियमानुसार इसके लिए पॉलिसी की जरूरत नहीं होती है।
-रामदास, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल बस्ती।