छावनी। थाना क्षेत्र के सेवरा लाला गांव में सांड़ के हमले से गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला की मौत हो गई। सेवरा लाला की 80 वर्षीय धनदेई उर्फ धनराजी पत्नी महादेव चौहान मंगलवार की शाम बकरी चराने गांव के सिवान में गई थीं। घर वापस आते समय गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास एक सांड़ ने हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर पड़ीं। सांड़ ने उन पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग महिला की चीख-पुकार पर गांव के लोग दौड़े और सांड़ को वहां भगाया। परिवार के लोग उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां से प्राथमिक उपचार कराने के बाद घायल बुजुर्ग को स्वजन घर ले आए। उन्हें सुबह जिला चिकित्सालय बस्ती ले जाने की तैयारी थी और आधी रात को महिला की मौत हो गई। थानाध्यक्ष छावनी दुर्गेश पांडेय ने बताया कि महिला के मौत की सूचना मिली है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनो बिगड़ैल सांड़ों का आतंक है। क्षेत्र के आधा दर्जन लोग सांड़ों के हमले में घायल हो चुके हैं।