छावनी। रामजानकी मार्ग पर जद्दूपुर मोड़ के पास बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक भाग गया। पूरेगंगाराम उर्फ जद्दूपुर गांव निवासी रामगणेश (60) बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे साइकिल से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान रामजानकी मार्ग पर जद्दूपुर मोड़ के पास छावनी की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत ले गए। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद