नेपाल से लखनऊ ले जा रहे थे सवा आठ किलो अफीम, दो तस्कर गिरफ्तार
बस्ती में पुलिस ने की कार्रवाई, बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
एसओजी, कोतवाली पुलिस और एटीएस गोरखपुर ने की गिरफ्तारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नेपाल से अफीम लाकर लखनऊ में बेचने जा रहे बिहार के दो तस्करों को एसओजी, कोतवाली और एटीएस यूनिट गोरखपुर की संयुक्त टीम ने बस्ती में पकड़ लिया। तस्करों की कार में आठ किलो 290 ग्राम अफीम व 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय कुमार दुबे और एसओजी प्रभारी जनार्दन प्रसाद टीम के साथ चुनाव आचार संहिता के अनुपालन के लिए रविवार देर रात कंपनी बाग चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान फील्ड यूनिट एटीएस गोरखपुर से सूचना मिली कि गोरखपुर होते हुए लखनऊ की तरफ जा रही सफेद रंग की कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।
इस सूचना पर कोतवाली और एसओजी की दो टीमों ने बड़ेवन सर्विस रोड मोड़ से टोल प्लाजा के बीच घेराबंदी की। भोर में चार बजे सफेद रंग की कार आती नजर आई। पुलिस को चेकिंग करते देख कार में बैठे दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी सदर विनय चौहान की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो कार में रखे बैग में हल्के भूरे रंग के टेप से लिपटे चार पैकेट बरामद हुए। उसमें आठ किलो 290 ग्राम अफीम रखी गई थी। आरोपियों के पास से 18 हजार 53 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार कुशवाहा निवासी नीलपरसा निकट सिकटा बाजार थाना सिकटा जिला पश्चिमी चंपारण और दीपेंद्र प्रसाद निवासी धनहर देउली थाना रामगढ़वा जिला पूर्वी चंपारण बिहार के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि दोनों नेपाल के भिश्वा मार्केट से मादक पदार्थों को लाकर लखनऊ और आसपास के जिलों में बेचते हैं।