बस्ती। भारत बंद का असर शुक्रवार को जिले में नहीं दिखा। किसान संगठनों ने तहसीलों व जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति व राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने भारत बंद का आह्वान किया था। दोनों संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता न्याय मार्ग स्थित सीटू कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए विकास भवन, एसपी कार्यालय, दीवानी कचहरी, शास्त्री चौक से गुरु गोविंद सिंह चौक, तहसील कार्यालय होते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देकर मार्च को समाप्त किया।
भाकियू के दीवान चंद्र चौधरी ने बताया कि 19 सूत्री ज्ञापन देकर मांग की गई है कि एमएसपी, किसानों, मजदूरों के कर्ज माफ किए जाने, चारों श्रम कानून वापस लेने, न्यूनतम वेतन 26,000 प्रति माह करने, बिजली विधेयक वापस लेने और संविदा प्रथा समाप्त करने की मांग की गई है। इस मौके पर केके तिवारी, हृदय राम वर्मा, राज कुमार यादव, गनी राम चौधरी,दीप नारायण चौधरी आदि मौजूद रहे।
भानपुर संवाद के अनुसार, एमएसपी गारंटी सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में भाकियू टिकैत व अंबावता गुट के किसानों ने तहसील परिसर में प्रर्दशन कर राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्री ज्ञापन एसडीएम शत्रुहन पाठक को सौंपा। किसानों ने स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार एमएसपी तय करने की मांग की। इस मौके पर श्याम नारायन सिंह, राम रेखा यादव, रामजीत चौधरी, रामजगत, पितांबर मौर्या, रामनयन, किलावती आदि मौजूद रहे। सं
रुधौली संवाद के अनुसार, भाकियू कार्यकर्ताओं ने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद का समर्थन किया। तहसील एवं ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, आय दोगुनी करने के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष हरिराम पासवान, रामकृष्ण चौधरी, तिलक राम चौधरी, हरीश कुमार, लालमन, परशुराम, भगवानदीन आदि मौजूद रहे। संवाद