गोरखपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सिविल सेवाओं और विभिन्न प्रतियोगिताओं की निशुल्क कोचिंग करने वाले अभ्यर्थियों की कार्यशाला हुई। मंगलवार को एनेक्सी भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने सफलता के मंत्र दिए। कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से किया गया।
एएसपी मानुष पारीक ने अभ्यर्थियों से अपने परीक्षा संबंधी अनुभवों को साझा करते हुए चयनात्मक अध्ययन पर बल दिया, साथ ही प्रतियोगी छात्रों को बिना तनाव के परीक्षा की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट / एसडीएम सदर नेहा बंधु ने निरंतरता, ईमानदारी और कठोर श्रम को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने अभ्यर्थियों को करेंट अफेयर्स के लिए अलग से नोट्स बनाकर अभ्यास करने पर जोर दिया। सीडीओ संजय कुमार मीना ने वैकल्पिक विषय के चयन, उत्तर लेखन के अभ्यास एवं समय प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के परीक्षा में सफल होने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।