गौर। 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्नातक में प्रवेश को लेकर अभी भी महाविद्यालयों में भीड़ चल रही है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध पं. महादेव शुक्ल कृषक पीजी कॉलेज गौर में पिछले दस जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ शुरू हो गई है। शनिवार को महाविद्यालय में विद्यार्थियों के रूचि के विषयों की पड़ताल में पता चला कि उन्हें समाजशास्त्र और हिंदी पहली पसंद है, जबकि प्राचीन इतिहास व गृह विज्ञान विषय भी खूब भा रहा है।
महाविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, समाजशास्त्र, भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, प्राचीन इतिहास, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान और रक्षा अध्ययन विषयों की पढ़ाई होती है, जबकि परास्नातक स्तर पर समाजशास्त्र, इतिहास व गृह विज्ञान विषय की मान्यता है। इन्हीं विषयों में विद्यार्थी प्रवेश लेकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक समाजशास्त्र विषय में अब तक 107 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसमें सबसे ज्यादा 80 छात्राएं शामिल हैं, जबकि छात्रों की संख्या मात्र 27 है।
इसी तरह हिंदी विषय में कुल सौ विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ है, जिसमें 82 छात्राएं व 18 छात्र शामिल हैं। प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में विज्ञान वर्ग की पढ़ाई न होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विज्ञान वर्ग को लेकर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और उन्हें प्रवेश के लिए दूर के कालेजों में जाना पड़ता है।