संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का ब्योरा यू-डायस पर अपडेट करने के मामले में जिले की स्थिति खराब मिली है। लगभग 99 प्रतिशत छात्रों का ब्योरा अपडेट न होने पर महानिदेशक विजय किरण आनंद ने नाराजगी जताते हुए बीएसए को कारण बताओ नोटिस जारी की है। बीएसए को इसका जवाब सात दिन के अंदर देना होगा। जिले के 5,89,428 छात्रों का ब्योरा यू-डायस पोर्टल पर अपडेट होना है। इस प्रक्रिया के तहत अभी तक सिर्फ 5154 छात्रों का ही विवरण अपडेट हो सका है। 5,83,509 छात्रों की कोई सूचना अभी तक अपलोड नहीं हो सकी है। यह स्थितियां महानिदेशक बेसिक शिक्षा को नागवार गुजरी है। बीएसए को चेतावनी दी है कि सभी छात्र-छात्राओं का डाटा अपलोड करें। यू डायस पर कक्षा एक से 12वीं तक छात्रों का डाटा अपलोड किया जाना है।
प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को दिया गया। इसकी समीक्षा भी की जा रही है। जल्द डाटा अपलोड कर दिया जाएगा।
-डाॅ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए