संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेलवे के ई- टिकट के धंधेबाजों पर एक बार फिर से आरपीएफ ने आपरेशन उपलब्ध के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की देर शाम आरपीएफ ने इस धंधे में लिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
शुक्रवार की शाम मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उप निरीक्षक सुनील कुमार कसाना टीम के साथ पैकोलिया थाना क्षेत्र के मरवटिया बाजार बभनान स्थित जन सेवा केंद्र दुकान पर एसके इंटरप्राइजेज पर छापा मारे। यहां संचालक सिराज अहमद निवासी मरवटिया थाना पैकोलिया को दबोचा। इसके पास से आरपीएफ ने आईआरसीटीसी की एजेंट आईडी की आड़ में व्यक्तिगत यूजर आईडी बनाकर आरक्षित रेलवे ई-टिकट बनाते दबोचा।
आरपीएफ निरीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि पकड़े गए धंधेबाज के पास से कुल 33 व्यक्तिगत आईडी मिली। जिसके माध्यम वह ईं- टिकट बनाकर जरूरतमंदों को अतिरिक्त रुपये लेकर बेचता था। टीम ने उसके पास से 11 रेल ई टिकट बरामद किया। इसके पास से टीम ने ऐसे 18 टिकट भी बरामद किए हैं जिस पर उसने यात्रा करा दिया था। टीम ने उसके पास ई-टिकट बनाने में प्रयुक्त एक मोबाइल, लैपटाप व एक प्रिंटर भी बरामद किया है।