बिल्डिंग मटेरियल के सामान डंप होने के कारण वाहनों को साइड लेने में होती है दिक्कतें
अतिक्रमण के चलते शहर व ग्रामीण इलाकों की सड़कों की स्थिति बेहद खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में गोरखपुर-अयोध्या हाईवे लेकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की सड़कों के किनारे बालू, मोरंग व गिट्टियां डंप की जा रही हैं। इससे आवागमन में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटरियों पर बिल्डिंग मटेरियल डंप होने के कारण वाहनों को साइड लेने में दिक्कतें आती हैं। कई बार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर जाते हैं। इस समस्या को लेकर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।
शनिवार को इस समस्या को लेकर जिलेभर की प्रमुख सड़कों का जायजा लिया गया तो जगह-जगह पटरियों पर बिल्डिंग मटेरियल डंप मिले। ग्रामीण इलाकों की स्थिति बेहद खराब मिली है। तमाम जगहों पर आधी सड़क पर कब्जा कर सामान को डंप किया गया है।
शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर जगह-जगह बिल्डिंग मटेरियल की दुकानें सज रही हैं। अयोध्या हाईवे पर मूड़घाट बाईपास के ओवर ब्रिज का लिंक रोड देखने में डंपिंग यार्ड जैसा लगता है। इस रोड पर कहीं बालू लादकर ट्रॉलियां खड़ी मिलीं तो कहीं वाहनों की रिपेरिंग के लिए गैराज खुला हुआ है। रोड पर करीब आधा दर्जन जगहों पर बालू, मोरंग, गिट्टियां व मिट्टी डंप की गई है।
इससे आधी सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। मूड़घाट निवासी अजय कुमार ने बताया कि रात में इस सड़क पर पैदल चलना मुश्किल है। इसी प्रकार शहर के मालवीय मार्ग, स्टेशन रोड, पांडेय बाजार, मेंहदावल मार्ग, कांटे मार्ग, बस्ती-कैली मार्ग पर यह समस्या ला-इलाज बन गई है।
...
हाईवे पर पार्किंग के लिए तरस जाते हैं मालवाहक वाहन
अयोध्या-गोरखपुर हाईवे की पटरियों पर दिनों-दिन अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। अब पटरियों पर बिल्डिंग मटेरियल की दुकानें सजने के अलावा डीईएफ यूरिया पंप व पौधशाला की दुकानें भी सज रही हैं। इससे वाहनों को साइड लेने और पार्किंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर बबुरहवा, महुघाट, तेनुआ, भदावल, संसारीपुर, बिहरा गेट, पिकौरा सानी, तिलकपुर, गोटवा आदि जगहों पर पटरियों पर कब्जा है। विवेकमणि पांडेय, अवधेश त्रिपाठी, संतोष सिंह आदि ने बताया कि इससे हादसे बढ़ रहे हैं। फिर भी अतिक्रमण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। एनएचएआई के सेफ्टी मैनेजर श्याम अवतार शर्मा ने बताया कि पटरियों पर अतिक्रमण करना अपराध है। अभियान चलाने की तैयार की जा रही है। जल्द ही हाईवे की पटरियां अतिक्रमण मुक्त कर दी जाएंगी।
...
ग्रामीण : प्रमुख सड़कों की स्थिति बेहद खराब
ग्रामीण इलाके में सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। पटरियों पर झाड़ियां उगी हैं। जहां पटरियां दुरुस्त हैं वहां बिल्डिंग मटेरियल की दुकानें सज रही हैं। शनिवार को बस्ती-महुली मार्ग का जायजा लिया गया तो पंखोबारी, बरोहियां, महादेवा में लालगंज रोड पर पेट्रोल पंप के पास, महादेवा बाजार से मुंडेरवा मार्ग पर लहरी, बस्ती-महुली मार्ग पर पाकरडाड़ बाजार में शिव मंदिर से 100 मीटर आगे, साहूपार, बेलवाडाड़ी, भूअर आदि जगहों पर सड़क सहित पटरियों पर कब्जा मिला।
...
कोट
सड़कों की पटरियों पर बिल्डिंग मटेरियल का सामान रखकर कब्जा करने की जानकारी है। इसे हटवाने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जल्द ही शहर सहित अन्य सड़कों से कब्जा हटवाया जाएगा।
-शत्रुधन पाठक, एसडीएम, सदर