कलवारी। थाना क्षेत्र के गोसैसीपुर गांव में रविवार रात नशे में धुत कुछ बरातियों की घरातियों से मारपीट हो गई। पुलिस ने दो युवकों पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात कलवारी थाने के गोसैसीपुर गांव के जयंती प्रसाद के यहां कप्तानगंज थानाक्षेत्र के गौरा गांव से बरात आई थी। पुलिस को दी तहरीर में जयंती प्रसाद ने बताया कि द्वार पूजा के बाद जयमाल कार्यक्रम शुरू होते ही कुछ बराती नशे में कहासुनी करने लगे। मना करने पर अमन व विनय ने दुल्हन के भाई काजू व सत्यम तथा चाचा मनजीत को मारपीट कर घायल कर दिया। 112 नंबर पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस कुछ लोगों को थाने ले गई। घायलों को बनहरा में स्थित सीएचसी कुदरहा ले गए। तीन लोगों का मेडिकल परीक्षण के बाद काजू को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।