बस्ती। मोबाइल फोन चोरी के मामले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पिपरा चंद्रपति गांव में नशे में धुत युवक ने अपने ही चाचा को चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल चाचा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है।
पिपरा चंद्रपति निवासी रामवृक्ष (35) ने बताया कि सोमवार की रात उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। आरोप है कि उनके भतीजे बबलू ने ही मोबाइल चुराया है। मंगलवार सुबह भतीजे बबलू से जब मोबाइल गायब होने के बारे में पूछा तो उसने अपनी छत पर आने को कहा। करीब साढ़े 11 बजे जब मोबाइल लेने के लिए छत पर गए तो वह नशे में था।
मोबाइल फोन मांगने पर उसने चाकू निकाल लिया और गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट आने से रामवृक्ष जमीन पर गिर गए और बबलू फरार हो गया। शोर सुनकर रामवृक्ष की पत्नी मौके पर पहुंच गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया है।