फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: मान गए चालक, हड़ताल खत्म, फिर भी समस्यायों में कमी बरकरार नहीं

Wed, 03 Jan 2024 11:26 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। हिट एवं रन कानून के खिलाफ सड़क उतरे चालक केंद्र सरकार की मध्यस्थता पर मान गए। तीसरे दिन बुधवार को चालक काम पर लौट आए। इससे जिंदगी पटरी पर लौटती दिखी। हालांकि, कुछ जगहों पर समस्याएं बरकरार नजर आईं। सब्जी और पेट्रोल पंप आदि पर आवक की कमी बताई गई। यहां बृहस्पतिवार तक स्थिति में सुधार आने की संभावना है।
विज्ञापन

हड़ताल खत्म होने के बाद बुधवार को रोडवेज, हाईवे एवं चौक-चौराहों पर स्थिति पहले जैसी नजर आई। दो दिन तक ऑटो से लेकर बस और ट्रक के चालक हड़ताल पर रहे। वाहनों के पहिए थम गए थे। विभिन्न सामग्रियों की ढुलाई बंद हो गई थी। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए भटकना पड़ा। जगह-जगह हाईवे एवं अन्य सड़कों पर चक्का जाम जैसी स्थिति बनी रही।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की दौड़भाग बढ़ गई थी। आंदोलन के दूसरे दिन मंगलवार का केंद्र सरकार ने पहल कर ट्रांसपोर्ट यूनियन से वार्ता की। इस दौरान आश्वस्त किया गया कि हिट एंड रन कानून अभी लागू नहीं किया जाएगा। आम सहमति बनने के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा। इसके बाद हड़ताल वापस लेने का ऐलान हुआ। बृहस्पतिवार सुबह से ही रोडवेज डिपो की बसों का संचलन शुरू हो गया। ऑटो, टैक्सी वाहन सड़कों पर फर्राटा भरते दिखे। यात्रियों को लोकल एवं लंबी दूरी तय करने के लिए ऑटो, टैक्सी, बस एवं अन्य वाहन शहर से लेकर हाईवे तक उपलब्ध होते रहे।
विज्ञापन

...
कुछ पेट्राेल पंपों में टैंकर आने का इंतजार
हड़ताल खत्म होने के अगले दिन कुछ पेट्रोल पंपों पर स्थिति सामान्य बनी रही। मगर, कुछ जगहों पर पेट्रोल-डीजल की कमी बताई गई। यहां टैंकर आने का इंतजार किया जा रहा था। मंगलवार शाम पंपों पर पेट्रोल और डीजल लेने के लिए वाहनों की लाइन लग गई थी। लगभग आधा दर्जन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल और सीएनजी खत्म हो गए थे। बृहस्पतिवार को पूरे दिन कंपनी के टैंकर पहुंचाए जाने का इंतजार होता रहा। हाईवे एवं शहर में मिलाकर आधा दर्जन पंपों पर दोपहर तक पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं पाए गए।
...
बाजार में बढ़ी चहलकदमी
प्रमुख बाजार और मंडियों में दो दिन बाद कुछ हद तक रौनक बढ़ी रही। वाहनों से माल की ढुलाई पूरे दिन होती देखी गई। मगर, चालकों की कमी के चलते बाजार अपने पुराने स्थिति में नहीं लौट पाया है। इससे सब्जी आदि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं का भाव तीसरे दिन भी चढ़ा रहा। सब्जी व्यवसायियों का कहना था कि एक-दो दिन बाद ही सब्जियों के मूल्य गिरेंगे।
...
चीनी मिलों में पेराई का दौर शुरू
किसान ट्रैक्टर-ट्राॅली एवं ट्रक से अपने गन्ने को लेकर मिल पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। मुंडेरवा, बभनान, अठदमा चीनी मिल में पेराई को लेकर हलचल शुरू हो गई है। हालांकि, तौल केंद्रों पर अपेक्षित गन्ने की आवक नहीं हो रही है। उम्मीद है कि एक दो दिन बाद स्थिति पहले जैसी सामान्य हो जाएगी।
...
अभी नहीं लौट पाए हैं शत-प्रतिशत चालक
टैक्सी, बस, ऑटो और ट्रक आदि वाहनों के अधिकतर चालक गाड़ी खड़ी कर घर चले गए थे। उनकी वापसी अभी शत-प्रतिशत नहीं हो पाई है। रेलवे स्टेशन पर लगी रैक को खाली करने के लिए चार से पांच संख्या में ट्रक पहुंचे थे। जबकि सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन एक दर्जन ट्रकों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा सीमेंट, अनाज गोदामों में भी अपेक्षित माल वाहक चालकों की कमी के चलते नहीं पहुंच सके। ठेकेदार दिवाकर सिंह ने बताया कि उनके पास चार ट्रक हैं। दो चालक के न लौटने के कारण गाड़िया खड़ी हैं। यही हाल ट्रैवेल एजेंसी के क्षेत्र में देखने को मिला। कुछ वाहन सड़कों पर दौड़ाए गए तो कुछ चालक के अभाव में खड़ी रह गईं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें