वाहन की ठोकर से पलट गई थी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। नरियांव चौराहे पर अज्ञात वाहन की ठोकर से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे दबने से चालक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे खझौला चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने एनएचएआई के एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी क्षेत्र खझौला के ग्राम पंचायत कनैली के पुरवा रमवापुर के राकेश चौधरी (24) पुत्र रामदरश रविवार की भोर में अपने ट्रैक्टर-ट्राॅली से गन्ना लाद कर चीनी मिल मुंडेरवा जा रहे थे। गांव से थोड़ी दूर फोरलेन के नरियॉव चौराहे पर पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। इससे गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली सड़क पर ही पलट गई। चालक राकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग मौके पर पहुंचे और चौकी प्रभारी दिलीप सिंह को फोन कर सूचना दी।
चौकी प्रभारी ने एनएचएआई के क्रेन से ट्रैक्टर उठाकर राकेश को बाहर निकलवाया। राकेश दो भाइयों में बड़े थे। खेती-किसानी एवं ट्रैक्टर चलाकर जीविको पार्जन करते थे। छोटा भाई शैलेष चौधरी, माता निर्मला देवी एव पिता रामदरश का रो रोकर बुरा हाल है।