बस्ती। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को अध्यक्ष नीलम सिंह की अध्यक्षता में हुई। अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत में विकास कार्यों को करने की लिए धन की कर्मी आड़े नहीं आने देंगे। इसके लिए शासन से समन्वय स्थापित किया जाएगा। कहा कि कस्बे की मुख्य समस्या पेयजल आपूर्ति की है। इससे छुटकारा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कहा कि बिजली की समस्या को दूर करने के लिए नए पावर हाउस की स्थापना की कवायद शुरू कर दी गई है। लो वोल्टेज की समस्या जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा। वार्ड सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि दलगत राजनीति से उठकर वार्ड के विकास को प्राथमिकता दें। यदि किसी वार्ड में विकास की कमी रही तो इसका जवाब सदस्यों को ही देना पड़ेगा। मतदाताओं ने जिस उम्मीद से हमें चुना है हम उसी उम्मीद को केंद्र में रखकर काम करेंगे। बैठक से पहले उन्होंने ने दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। मौके पर अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह, मनोज सिंह, नियाज अहमद, संजय कुमार, दिनेश चौरसिया, परमानंद सिंह, कपिल देव सिंह, रविंद्र सिंह,अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप निषाद, दिलीप शर्मा, श्रुति अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
बनेंगी 11-11 सलाहकार व स्वच्छता समितियां
- प्रत्येक वार्ड में सभासद के संयोजकत्व में 11 सदस्यीय सलाहकार समिति और 11 सदस्यीय मुहल्ला स्वच्छता समितियां गठित होंगी। जिसमे गैर राजनीतिज्ञ लोग जैसे पूर्व सैनिक, पूर्व अध्यापक, पूर्व विभागीय कर्मी, प्रगतिशील किसान, पत्रकार और समाजसेवी आदि शामिल होंगे। नगर विकास के लिए टाउन प्लानर की सेवाएं ली जाएंगी। नगर पंचायत स्तर पर भी अध्यक्ष के संयोजकत्व में 21 सदस्यीय सलाहकार समिति गठित होगी। वार्ड समितियों की भांति विभिन्न विषयों के जानकार गैर राजनीतिज्ञ इसके सदस्य हो सकेंगे। लापरवाह कर्मियों को चेतावनी के बाद सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। समूहों को सक्रिय करने और उनसे जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सभी जरूरी और प्रभावी उपाय किए जाएंगे।