सुबह-शाम पड़ रही गुलाबी ठंड और दिन में निकल रही चटख धूप
सर्दी, जुकाम, बीपी, शुगर, पेट और सांस रोगियों की बढ़ रही संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बदलते मौसम में सुबह-शाम की गुलाबी ठंड और दिन में निकल रही चटख धूप में लोग बीमार हो रहे हैं। इसकी वजह से मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल के मेडिसिन वार्ड, चाइल्ड वार्ड, पीआईसीयू वार्ड और एसएनसीयू वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यहां सर्दी, जुकाम, बीपी, शुगर, पेट और सांस रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में शुक्रवार को इजाफा देखने को मिला।
दिन और रात के तापमान में दोगुने का अंतर होने की वजह से मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शुक्रवार को मेडिकल काॅलेज के मेडिसिन वार्ड में 32 मरीज भर्ती थे। जबकि 20 मरीजों को छुट्टी दी गई। फिजिशियान डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि मौसम बदल रहा है। दिन में तेज धूप और रात में ठंड हो रही है। थोड़ी सी भी लापरवाही से सर्दी, जुकाम, उल्टी-दस्त शुरू हो सकता है। बदलते मौसम में खुद का ध्यान ख्याल रखें।
उन्होंने कहा कि सुबह-शाम गर्म कपड़े पहने, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। नियमित व्यायाम करें। फल, ताजी सब्जियों और पौष्टिक आहार का सेवन करें। ठंडे खाने-पीने की चीजों से दूर रहें।
...
दिन में 27 तो रात में 14 डिग्री तक तापमान
मौसम में परिवर्तन तेजी से हो रहा है। दिन और रात के तापमान में दोगुना अंतर देखने को मिल रहा है। यह बदलाव अपने साथ तमाम बीमारियों ला रहा है। दिन की धूप में ऊनी कपड़े पहनकर बाहर निकलने पर गर्मी लग रही है। ऐसे में दिन में घर से निकलते समय ऊनी कपड़े साथ में जरूर रख लें। अन्यथा शाम को वापस जाते समय सर्दी लग सकती है। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि उतरती हुई ठंड सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में इससे बचाव करें।