बस्ती। डीएम अन्द्रा वामसी ने एक वर्ष से अधिक अवधि के पांच हजार मुकदमों का जनवरी माह में निस्तारण के लिए राजस्व एवं चकबंदी के सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया है। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार हर्रैया, कप्तानगंज तथा विक्रमजोत ने मुकदमों के निस्तारण में अच्छा कार्य किया है।
सहकारिता विभाग की चार करोड़ रूपये के सापेक्ष मात्र दस लाख रूपये ऋण वसूली पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। डीएम ने सभी सहायक विकास अधिकारी सहकारिता के साथ सहायक निबंधक सहकारिता का वेतन रोकने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 3400 अपात्र किसान चिह्नित किए गए हैं। इसमें से सर्वाधिक 800 बनकटी ब्लाॅक में हैं। उन्होंने अग्रिम आदेशों तक सभी सहायक विकास अधिकारी कृषि का वेतन रोकते हुए घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने स्कूलों में दिव्यांग शौचालय के निर्माण की समीक्षा करते हुए एबीएसए बनकटी, टायलीकरण की समीक्षा में बीडीओ कुदरहा का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। दिव्यांग शौचालय का निरीक्षण न किए जाने पर उन्होंने साऊंघाट के एबीएसए का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। सीडीओ को निर्देशित किया है कि टीम गठित करके प्रत्येक ब्लाॅक के 10-10 स्कूलों के दिव्यांग शौचालय का सत्यापन कराएं।
आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड की समीक्षा करते हुए उन्होंने 1,24,902 मृतक, बाहरी डाटाविहीन तथा बायोमैट्रिक के कारण अपात्र लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने का सीएमओ को निर्देश दिया है। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तीनों अधिकारियों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के सामान्य मरम्मत में बाल मैत्री शौचालय, वाह्य विद्युतीकरण तथा वाल पेंटिग की समीक्षा करते हुए उन्होंने बनकटी एडीओ पंचायत का वेतन रोकते हुए डीपीआरओ को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह में कार्य पूर्ण कराएं।