कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक की। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों को समय से निस्तारित करें। उद्यमियों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
डीएम ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, ऋण योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, एक जनपद एक उत्पाद, वित्त पोषण सहायता, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर विचार, औद्योगिक क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग की समस्या, मिनी औद्योगिक आस्थान गनेशपुर में विद्युत आपूर्ति आदि प्रकरणों की स्थिति जानी और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में छोटे व्यापारियों पर जिला पंचायत की ओर से सीपी टैक्स लगाए जाने के संबंध में डीएम ने निर्देश दिए कि व्यापारी अपनी शिकायत जिला पंचायत में दर्ज कराएं। व्यापारियों को यदि बिजली कटौती संबंधी कोई समस्या है तो बिजली निगम के टोल फ्री शिकायत नंबर 1912 और कंट्रोल रूम नंबर 9532369806 व 05542-282638 पर शिकायत दर्ज कराएं। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप एवं उपायुक्त राज्य कर उपेंद्र यादव ने किया। मौके पर सीडीओ जयदेव सीएस, एलडीएम आरएन मौर्या, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा, एआरटीओ पंकज कुमार, महासचिव चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एचसी शुक्ला, अशोक सिंह, अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।