50 लाख से अधिक लागत की प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कलक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की प्रस्तावित परियोजनाओं की बृहस्पतिवार को समीक्षा की गई। कुछ परियोजनाओं में धन उपलब्ध होने के बाद खर्च नहीं पाए हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देश दिए कि तत्काल बजट रिलीज कर लंबित परियोजनाओं को पूर्ण कराएं। उन्होंने कलक्ट्रेट भवन की बिल्डिंग और अग्निशमन केंद्र को यथाशीघ्र हैंडओवर कराने के निर्देश दिए। चंगेरवा में निर्माणाधीन भवन में कनेक्शन के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। हर्रैया के 100 बेड हाॅस्पिटल में लिफ्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीएंडडीएस के अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन पशु चिकित्सालयों के कार्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश परियोजना निदेशक को दिए।
उन्होंने राजकीय निर्माण निगम, जिला पर्यटन एवं विकास, लोकनिर्माण, राज्य सेतु निगम, जिला पंचायत, राज्य निर्माण एवं श्रम विकास(सहकारी), सिंचाई विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. आर.एस. दुबे, डीआईओएस जगदीश शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी केशवलाल, एक्सईएन विद्युत मनोज सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद