फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: थम गया डीजे का शोर...फिर कथा-कीर्तन की तरफ लौट रहे श्रद्धालु

Sun, 22 Oct 2023 12:41 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
Page No : 6गायघाट के नवयुवक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित कीर्तन में झूमते श्रद्धालु
विज्ञापन
प्रशासन के अगाह करने के बाद दुर्गा पूजा समितियों ने बदले पैटर्न
विज्ञापन

40 डीजे संचालकों पर पुलिस कर चुकी है कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीजे की कानफोड़ू आवाज अब बंद हो रही है। प्रशासन ने समय रहते अगाह किया तो दुर्गा पूजा समितियों ने पूजा का पैटर्न बदल दिया। शारदीय नवरात्र में जगह-जगह सजाए गए देवी पंडालों में दो दशक पहले जैसी पूजा पद्धति फिर से अपनाई जाने लगी। अब दिल दहलाने वाली डीजे की शोरगुल की जगह श्रद्धालु भजन-कीर्तन और कथा प्रवचन स्वयं कर रहे हैं।
नवरात्र की शुरुआत में ही प्रशासन तेज आवाज में डीजे न बजाने के लिए सक्रिय हो गया था। इसका असर अब दिखने लगा है। दुर्गा पूजा समितियों ने कानफोड़ू डीजे की जगह पंडालों में कथा, कीर्तन व प्रवचन का आयोजन शुरू कर दिया। इससे लोगों में श्रद्धा का संचार होने के साथ कानफोडू डीजे से फिलहाल राहत मिल गई।
विज्ञापन

हर साल जिले में शारदीय नवरात्र से रामलीला का मंचन शुरू हो जाता है। इस बार भी मंचन शुरू हो चुका है, लेकिन माहौल बदला हुआ है। अब पंडालों से दुर्गा पाठ ध्वनियां लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर रही हैं। इस बार शासन की सख्ती के बाद से लोग परंपराओं की तरफ लौटते दिख रहे हैं। पंडालों और मंदिरों में अब ढोल, मंजीरा व हारमोनियम की मधुर ध्वनियां सुनाई देने लगी हैं। ...
गायघाट पंडालों में शुरू हुई श्रीराम कथा व कीर्तन
नगर पंचायत गायघाट में नवयुवक दुर्गा पूजा कमेटी चौक की ओर से स्थापित पंडाल में इस बार श्रीराम कथा भी हो रही है। समिति के अध्यक्ष आशीष कसौधन ने बतााया कि कानफोड़ू डीजे पर बेकार के गाने बजाने की बजाय इस बार श्रीराम कथा कराई जा रही है। दूसरी ओर इस नगर पंचायत के बाबा चेतन दास नगर में सजाए गए दुर्गा पूजन पंडाल में हर शाम को कीर्तन मंडली सज रही है। आयोजक व सभासद लवकुश चौधरी ने बताया कि आधुनिकता की आड़ में परंपराएं लुप्त हो रही थीं। इसे पुन: स्थापित करने के लिए पंडाल में शाम को दो घंटे कीर्तन हो रहा है।
...
नचना दुर्गा मंदिर हो रहा है कीर्तन
दुबौलिया के नचना स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में नवरात्र में कीर्तन का आयोजन हो रहा है। मंदिर के संरक्षक कैलाश नाथ दुबे बताते हैं पहले मंदिर स्थल पर दुर्गा पंडाल सजाया जाता था, अब यहां माता का स्थायी मंदिर बनवाया गया है। नवरात्र में कीर्तन मंडली शाम को भजन-कीर्तन करती है। आधुनिकता की आड़ में परंपराओं से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता है। मंदिर से भजनों की मधुर आवाजें स्थानीय लोगों को खूब भा रही है। लोग बढ़ चढ़कर इसका हिस्सा बन रहे हैं।
...
हेंगापुर में प्रयागराज के संत सुनाते हैं प्रवचन
युवा मित्र मंडल नवदुर्गा पूजा समिति की ओर से हेंगापुर में माता का पंडाल सजाया गया है। इस साल यहां प्रयागराज के संत अचुत्य प्रपन्नाचार्य महराज श्रद्धालुओं को आरती से एक घंटे पहले प्रवचन सुनाते हैं। आयोजक व समिति के अध्यक्ष अंबुज सिंह बताते हैं कि डीजे के शोर में लोक आस्था को आघात पहुंचता था, लेकिन प्रवचन से लोक कल्याण हो रहा है। पंडाल सजाने का उद्देश्य लोगों में आस्था का संचार करना है न कि उसे खंडित करना। अब हर साल यह कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा।
...
कीर्तन और माता के प्रवचन से गुलजार है गिरिनाग धाम
जनपद का ओम निरिनाग धाम, रायठ लोकप्रिय धार्मिक स्थल है। नवरात्र में यहां शाम के समय प्रवचन और कीर्तन से मंदिर परिसर गुलजार हो रहा है। माता की आराधन के लिए पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु इसका हिस्सा बन रहे हैं। कीर्तन की मधुर ध्वनियां सुनकर शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी पं. इंद्रदेव पांडेय बताते हैं कि इस बार परिसर में डीजे साउंड नहीं लगवाया गया है। जिसे अब कर्कश आवाजें आनी बंद हो गई हैं।
...
महुआर चौराहे पर हनुमान मंदिर परिसर में माता पंडाल सजाया गया है। इस बार पंडाल में बहुत परिवर्तन दिख रहा है। पहले तेज आवाज में डीजे बजाया जाता था। इस बार कुछ युवाओं ने कीर्तन मंडली सजाना शुरू किया है। शाम को एक घंटा माता की आराधना में शामिल होने जाता हूं। लंबे समय बाद फिर से आस्था का संचार होना शुरू हुआ है।
राकेश चंद्र त्रिपाठी, कुड़ही
...
इस बार गांव के काली माता मंदिर में स्थित पंडाल से फूहड़ गानों की कर्कश आवाजें नहीं आ रही हैं। बड़ा सुकून मिल रहा है। शाम को आरती की मधुर ध्वनियां सुनाई पड़ती हैं, आवाज सुनकर मन आस्था से भर जाता है। रोज मंदिर जाकर आरती में शामिल हो रहा हूं। डीजे पर प्रतिबंध लगाकर सरकार ने बढि़या काम किया है।
अनिल कुमार शुक्ल, बस्ती नाथू
...
तेज आवाज में डीजे बजाने पर 40 लोगों पर दर्ज हो चुका है केस
तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर शासन का स्पष्ट निर्देश है कि इसकी आवाज कर्ण प्रिय होने चाहिए। कर्कश आवाज में और फूहड़ गाने बजाने पर अब तक 40 लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर चुकी है। एसपी कृष्ण गोपाल चौधरी ने बताया कि जनपद में 2241 दुर्गा पूजन पंडाल सजाए गए हैं। सभी पर नजर रखी जा रही है। 60 डेसिमल से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन

...
विसर्जन के समय भी होगी निगरानी
डीजे की आवाज पर पूरी तरह नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। एसपी कृष्ण गोपाल चौधरी ने बताया कि विसर्जन के समय निकाले जाने वाले जुलूस पर विशेष निगरानी की रखने के लिए सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं। जुलूस में यदि 60 डेसिमल से अधिक आवाज में डीजे बजाया गया तो संबंधित संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें