गांधीनगर, मालवीय रोड, रंजीत चौराहे के पास टूटे हैं डिवाइडर
शहर के डिवाइडर पर नहीं लगाए गए हैं रिफ्लेक्टर टेप अथवा रेडियम
वाहनों की ठोकर से दर्जन भर जगहों पर टूट चुके हैं डिवाइडर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर की सड़कों पर बनाए गए अधिकतर डिवाइडर जगह-जगह ध्वस्त हो चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि जहां डिवाइडर टूटे हैं, वहां रेडियम अथवा रेफलेक्टर टेप भी नहीं लगाए गए हैं। इससे अक्सर हादसे हो रहे हैं। रात को पता ही नहीं चलता कि कहां डिवाइडर टूटा है। यहां तक कि नगर पालिका प्रशासन बचाव और चेतावनी के लिए रेडियम का इंतजाम भी नहीं कर पा रहा है।
गांधीनगर क्षेत्र व मालवीय रोड पर करीब आठ किमी में डिवाइडर का निर्माण करवाया गया है। इनका निर्माण हुए पांच साल से अधिक हो चुके हैं, लेकिन इनके शुरुआती व अंतिम छोर पर रेडियम नहीं लगवाए गए हैं। नतीजतन अब तक सैकड़ों वाहन भिड़कर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बावजूद इसके रोकथाम की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई।
मालवीय रोड पर फव्वारा चौराहे के पास, बैरिहवा चौराहा, बेबीडॉल हॉस्पिटल, रौता चौराहा, बादशाह टॉकीज, करतार तिराहा, रंजीत चौराहा, रोडवेज तिराहा, पांडेय स्कूल तिराहा, दक्षिण दरवाजा चौराहा, रेलवे स्टेशन रोड स्थित सिद्धविनायक मैरिज हाॅल के सामने डिवाइडर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।
फव्वारा चौराहा से लेकर रोडवेज तिराहा तक के पूरे पौने दो किमी मालवीय रोड पर डिवाइडर के शुरुआत से अंतिम छोर टूट कर बिखर चुके हैं। शास्त्री चौक से कंपनीबाग रोड पर एडीएम आवास के सामने, कंपनीबाग में मलहोत्रा मेडिकल स्टोर के सामने, टाउन क्लब, गांधीनगर में हनुमानगढ़ी, जीआईसी के सामने, बेलवाडाड़ी मोड़ व नगर पालिका कार्यालय के सामने भी डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो चुका है।
..
दुरुस्त किए जाएंगे डिवाइडर
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने बताया कि मालवीय रोड को बस्ती विकास प्राधिकरण सुधारेगा। गांधीनगर पहले से पीडब्ल्यूडी के अधीन है। जल्द ही इसके लिए वार्ता कर डिवाइडर का बेहतर इंतजाम किया जाएगा।