22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर पुलिस ने फोरलेन पर डायवर्जन का खाका तैयार कर लिया है। फिलहाल, 19 जनवरी को शाम चार बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक के लिए योजना तैयार की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि आवश्यकता को देखते हुए डायवर्जन की अवधि को घटाया-बढ़ाया जा सकता है। एडीजी डॉ. केएस प्रताप ने बताया कि पहले बड़े वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर आवश्यकतानुसार छोटे वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा। सभी डायवर्जन प्वाइंट पर पर्याप्त यातायात व नागरिक पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। सिर्फ आमंत्रण कार्ड धारकों को ही अयोध्या की तरफ जाने दिया जाएगा।
संतकबीरनगर से बस्ती की तरफ आ रहे वाहन जिन्हें लखनऊ जाना है, उन वाहनों को चैनपुरवा फ्लाई ओवर से डायवर्ट किया जाएगा। जो असनहरा, बेवा चौराहा जनपद सिद्धार्थनगर से भवानी गंज से गैडास बुजुर्ग से उतरौला, बलरामपुर होते हुए लखनऊ की तरफ जाएंगे। संतकबीरनगर से बस्ती की ओर आने वाले वाहन जिन्हें टांडा अकबरपुर जाना है, उन वाहनों को फुटहिया से डायवर्जन किया जाएगा। जो कलवारी होते हुए टांडा अकबरपुर की तरफ जाएंगे।
कप्तानगंज, हर्रैया, छावनी से अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों को राम जानकी मार्ग पर डायवर्जन किया जाएगा। जो कलवारी, गायघाट, मेंहदावल, बांसी, उतरौला, बलरामपुर होते हुए लखनऊ की तरफ जाएंगे। सिद्धार्थनगर बांसी से आने वाले वाहन जिन्हें लखनऊ जाना है उन्हें रुधौली-उतरौला मोड़ से डायवर्जन करके बलरामपुर की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। सोनहा, वॉल्टरगंज की तरफ से आने वाले वाहन को मनौरी से डायवर्जन करके बांसी रोड पर डायवर्जट किया जाएगा जो उतरौला, बलरामपुर होते हुए लखनऊ की तरफ जाएंगे।