राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए करेंगे प्रचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 9 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। इसके प्रचार-प्रसार के लिए एसबीआई की ओर से उपलब्ध कराए गए 11 प्रचार वाहनों को जिला जज/ प्राधिकरण के जनपद अध्यक्ष कुलदीप सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर न्यायालय परिसर से रवाना किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय परिसर, कलक्ट्रेट मुख्यालय एवं समस्त तहसील मुख्यालयों पर किया जाएगा। इसमें आपराधिक समनीय वाद, परकाम्य लिखित अधिनियम की धारा-138 से संबंधित मामले, बैंक वसूली से संबंधित प्रकरण, मोटर दुर्घटनाओं से संबंधित प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वाद, पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित वाद, विद्युत एवं जलकर विवाद, वेतन संबंधी विवाद आदि सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन वाहनों से जनपद के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आशुतोष रंजन, मुख्य प्रबंधक संजय उपाध्याय, प्रबंधक मानव संसाधन पंकज वर्मा, प्रबंधक एनपीए मनीष वर्मा के सहयोग से वाहन उपलब्ध कराया गया। अपर जिला जज प्रथम शिवचंद, न्यायालय की पीठासीन अधिकारी अंजू कन्नौजिया, अपर जिला जज रजनीश कुमार मिश्र, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष राय, सिविल जज सीनियर डिवीजन अमित मिश्र आदि मौजूद रहे।