जिले को कोविशील्ड की 10700 डोज मिली
बस्ती। कोरोना से बचाव के लिए टीके का प्रिकाशन डोज लगवाने के लिए लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। टीके का स्टॉक समाप्त हो जाने के बाद से काफी लोग दूसरी व एहतियाती डोज लगवाने से वंचित रह गए थे। शासन की ओर से जिले को कोविशील्ड के 10700 डोज मुहैया कराए गए हैं। इसके बाद जिला स्तरीय अस्पताल व सीएचसी में फिर टीकाकरण शुरू हुआ है।
जिला अस्पताल में संतकबीरनगर जिले के बेलहर कस्बे से टीका लगवाने के लिए पहुंचे अरविंद यादव (22) ने कोविशील्ड की एहतियाती डोज लगवाई। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले दो डोज लग चुकी है। विदेश जाने का उनका कार्यक्रम है। इस लिए एहतियाती डोज लगवानी अनिवार्य है।
इस जनपद में रहने वाले रिश्तेदारों ने बताया था कि जिला अस्पताल में कोविशील्ड का टीका उपलब्ध है। टीका लग गया है। एहतियाती डोज का प्रमाण पत्र मोबाइल से डाउनलोड करा लेंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि टीके की तीन डोज लगवाने के बाद से कोरोना से काफी हद तक सुरक्षा प्रदान होती है। इस लिए जिन लोगों को कोविशील्ड की एहतियाती डोज न लग सकी हो, वे स्वास्थ्य इकाई पर पहुंचकर जरूर टीकाकरण करा लें। जिन्हें एक डोज लगी है, वे दूसरी भी लगवा लें। उन्होंने बताया कि कुछ देशों में कोरोना के केस एक बार फिर बढ़ने से सतर्कता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां इलाज के लिए अस्पतालों को तैयार किया जा रहा है, वहीं टीकाकरण पर भी जोर है।
अपना व अपने परिवार का टीकाकरण सभी लोग जरूर कराएं। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल अवश्य करें। जिन लोगों ने टीके की दूसरी डोज नहीं ली है, उनका भी टीकाकरण करवाना है। बारह वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों का टीकाकरण जरूरी है।