सिविल बार सभागार में हुई अधिवक्ताओं की बैठक, नई पुस्तकें मंगाने के लिए तैयार की जा रही सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सिविल बार एसोसिएशन की बैठक में साइकिल स्टैंड व जूनियर अधिवक्ताओं के चैंबर का मामला छाया रहा। एसोसिएशन के महामंत्री शिवपूजन मिश्र की अध्यक्षता में बार सभागार में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि स्टैंड न होने से वादकारी एवं अधिवक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं के चैंबर व रास्ते में लोग मजबूरीवश वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्टैंड की मांग को लेकर कई बार जिला जज को अवगत कराया जा चुका है। जूनियर अधिवक्ताओं के चैंबर को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। महामंत्री ने बताया कि पुस्तकालय में नई किताबों की व्यवस्था की जा रही है। मंगाई जाने वाली किताबों की सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही किताबें पुस्तकालय में उपलब्ध हो जाएंगी। मौके पर हनुमत शुक्ला, दिवाकर त्रिपाठी, दिलीप सिंह, देवव्रत उपाध्याय, सिद्धार्थ सिंह गौतम, रमापति पांडेय, अरविंद नरायण पांडेय, विवेक शुक्ला, जेपी चौबे, विजय तिवारी, संजय उपाध्याय और वंशीधर पांडेय आदि मौजूद थे।