सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे गांव के लोग स्तब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। दहडा मिश्र गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे गांव के लोग स्तब्ध है। लोग कह रहे हैं कि ब्रह्मदेव शुक्ला भतीजे से बेटे जैसा स्नेह रखते थे। यहां तक कि उसके आक्रामक स्वभाव के बावजूद वह पूरी सहानुभूति भतीजे के प्रति रखते थे। आज हुई घटना से पहले भी आरोपी द्वारा घर में मारपीट किए जाने की बातें सामने आ रही हैं।
दो भाइयों में बड़े ब्रह्मदेव छावनी के अशोक इंटर काॅलेज में प्रधानाचार्य के पद से सेव निवृत होने के बाद पत्नी व बेटे के साथ गांव में रहते थे। छोटे भाई गांव में कथा, भागवत कहकर गृहस्थी चलाते हैं। उनकी बड़ी बेटी व हत्यारोपी की शादी हो चुकी है। तीसरे नंबर की बेटी की शादी 26 अप्रैल को होनी तय है। छोटे भाई बृजदेव की माली हालत बहुत ठीक नहीं है।
गांव वालों की मानें तो ब्रह्मदेव ही भतीजी के शादी में होने वाले खर्च को उठा रहे थे। हत्यारोपी राघवेंद्र के बारे में लोगों ने बताया कि वह उदंड है। उसकी शादी भी हुई थी मगर उसकी प्रवृत्ति के चलते पत्नी छोड़कर चली गई। कुछ माह पहले भी आरोपी ने ब्रह्मदेव की पत्नी पर ईंट चलाकर जख्मी कर दिया था।