सभी तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, जिले को बनाएंगे अव्वल
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सदर तहसील के महसो ग्राम पंचायत में लगाई चौपाल
बस्ती। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को सदर तहसील के महसो ग्राम पंचायत में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। कल्याणकारी योजनाओं का प्रमाण पत्र लाभार्थियों को वितरित किया। कहा कि सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी तक पहुंचे, इसका प्रयास किया जा रहा है। जिले को विकास के मामले में अव्वल बनाने की दिशा में भी सरकार पूरी ताकत से लगी है।
देर रात महसो में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड का वितरण किया। 20 किसानों को कृषि यंत्र तथा तोरिया बीज का किट वितरित किया। उन्होंने आईसीडीएस के अंतर्गत छोटे बच्चों का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। डिप्टी सीएम ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके बाद यहां स्थित दो किमी लंबी सड़क जिला पंचायत से कराने की घोषणा की।
कहा कि विकास कार्यों में प्रदेश में जिले को प्रथम स्थान दिलाया जाए, इसके लिए हम सभी प्रयास कर रहे हैं। कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का निराकरण करना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें।
कार्यक्रम का संचालन प्रमुख सदर राकेश श्रीवास्तव ने जबकि स्वागत जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने किया। इस मौके पर प्रमुख केके सिंह, अभिषेक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एसपी आशीष श्रीवास्तव, एडीएम कमलेश चंद्रा, डीडीओ अजीत कुमार श्रीवास्तव, पीडी कमलेश सोनी आदि मौजूद रहे।