कलवारी। बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के दक्षिणांचल में सरयू नदी के किनारे बसे ग्राम कलवारी मुस्तहकम के लोगों ने जिलाधिकारी से आयुर्वेदिक अस्पताल को पुनः कलवारी मुस्तहकम में स्थापित करने की मांग की है। पत्र में विजय पाल सिंह सहित ग्रामीणों का कहना है कि आज़ादी के समय से स्थापित यह आयुर्वेदिक अस्पताल कलवारी मुस्तहकम में किराए के भवन पर संचालित होता था, जिससे आस-पास के बाढ़ प्रभावित एवं गरीब तबके के लोगों को नजदीक ही उपचार की सुविधा मिल जाती थी। परंतु प्रशासन की उदासीनता के कारण इस अस्पताल को हटाकर बहादुरपुर मुख्यालय पर स्थानांतरित कर दिया गया, जबकि वहां पहले से ही आयुर्वेदिक, एलोपैथिक और होम्योपैथिक अस्पताल संचालित हैं। संकटा सिंह, सुरेश सिंह, निजामुद्दीन, लल्लू गिरी, विजय प्रताप, संतोष सिंह, हृदयराम कन्नौजिया सहित ग्रामीणों का कहना है कि कलवारी मुस्तहकम जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से अस्पताल हटने के कारण स्थानीय जनता चिकित्सा सुविधाओं से वंचित हो रही है। इसलिए जनहित में इस अस्पताल को पुनः कलवारी मुस्तहकम में स्थापित किया जाना आवश्यक है।