सल्टौआ। विद्युत उपकेंद्र भानपुर के भिरिया बाजार में लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान हैं। लेकिन, जिम्मेदार अधिकारी इसके समाधान पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भिरिया बाजार में दर्जनों व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जिन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती है। विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पाते हैं और समय से पहले ही वे खराब हो जाते हैं। राजू, गोमती, राजेश, राजकुमार चौरासिया, सत्य प्रकाश चौधरी, अपूर्व सिंह कहना है कि लो वोल्टेज के चलते काफी परेशानी होती है। यहां लोगों के घरों और दुकानों में लगे उपकरण ठीक ढंग से काम नहीं करते हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने से व्यापार पर इसका असर पड़ता है। दुकानदारों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाना जरूरी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।