हर्रैया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) गुट हर्रैया ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हर्रैया ब्लॉक परिसर में किसानों के विभिन्न समस्याओं को लेकर पंचायत लगाई। विभिन्न मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया। इसके बाद आठ सूत्री मांगों को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण जल्द-से-जल्द कराया जाए, अन्यथा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संसारीपुर में काली मंदिर के पास खराब नलकूप ठीक कराया जाए। किसानों को रबी की फसलों के बीज उपलब्ध कराए जाएं। पात्र किसानों को शौचालय, घर, आवास सूची में नाम शामिल कराने, पशुओं की बीमारी से बचाव के लिए समय से टीके लगवाने, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन व विकलांग पेंशन योजना लाभ दिलाने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं। तहसील अध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि मांगें नहीं पूरी की गईं तो निर्णायक संघर्ष करेंगे। सीताराम चौधरी, विमल कुमार, राम अजोर मौजूद रहे। संवाद