सीढ़ी से गिरकर नहीं, करंट से हुई थी संजीव की मौत
- मुंबई के उल्हासनगर से लाया गया था शव
- कंपनी के मालिक ने सीढ़ी से गिरकर बताई थी मौत की वजह
- गौर थाने के टिनिच क्षेत्र के बैरवा का निवासी था संजीव
संवाद न्यूज एजेंसी
टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी क्षेत्र के बैरवा गांव निवासी संजीव की मौत करंट लगने से हुई थी। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। परिवार के लोगों को इस बात की आशंका थी, मगर जिस कंपनी में संजीव काम करता था, उसके अधिकारियों ने मौत की वजह सीढ़ी से गिरना बताया था। उक्त गांव निवासी 32 वर्षीय संजीव कुमार जैसवार पुत्र हरिराम जैसवार मुंबई के उल्हास नगर में रहकर लंबे समय से एक प्लाईवुड की कंपनी में मजदूरी का काम करता था। 10 जून की शाम को अचानक सूचना मिली कि कंपनी में साथ काम कर रहे मजदूर उसे लेकर अस्पताल गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल से ही कंपनी के लोगों ने संजीव का शव उसके भाई अंकुश को सुपुर्द कर दिया। उसके बाद निजी एंबुलेंस से शव लेकर अंकुश गांव पहुंचा। उसने यहां बताया कि जब कंपनी के मालिक से संजीव की मौत का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि सीढ़ी से गिरकर मौत हुई है। मगर परिवारवालों को इस बात का यकीन नहीं हुआ और लोगों ने स्थानीय पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया। परिवारवालों की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। संजीव का विवाह एक वर्ष पहले हुआ था। उसकी एक मासूम बेटी है। परिवार के लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वे लोग कंपनी के मालिक पर कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे।