बभनान, बस्ती। बभनान गौर-मार्ग पर नवीन सब्जी मंडी स्थल के समीप पुलिया से टकराकर मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुधवार की शाम बभनान -गौर मार्ग पर सब्जी मंडी के समीप दो युवक सड़क किनारे घायल हो तड़प रहे थे। इसी बीच घटना की सूचना किसी ने गौर पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर पहुंचाया। जहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय घायल अजय कुमार 28 पुत्र बाबूलाल निवासी संत रविदास नगर वार्ड, शिवगढ़ नगर पंचायत बभनान थाना पैकोलिया की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल सतीश सिंह निवासी कठौतिया सांवडीह थाना पैकोलिया का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चौकी प्रभारी बभनान धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि युवक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल पुलिया से टकरा गई।