बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के जिगिना स्थित डेयरी फार्म में काम करने वाले युवक की बृहस्पतिवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कठार मगहर निवासी सुनील पाल (24) डेयरी फार्म में पशुओं की देखभाल करते थे। बृहस्पतिवार सुबह डेयरी के बाहर रखे भूसे को कुछ मवेशी खा रहे थे। सुनील पास में पड़े करीब बीस फीट लंबे लोहे का पाइप लेकर पशुओं को भगाने के लिए दौड़ पड़े। उनका ध्यान ऊपर से गुजर रहे 33 हजार हाईटेंशन तार की तरफ नहीं गया। पाइप तार में छू गया और वह करंट की चपेट में आ गए। शरीर पर मौजूद कपड़े जल गए और सुनील पाल की झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे डेयरी फार्म मालिक अरविंद चौधरी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अस्पताल चौकी प्रभारी ललित कांत ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद परिवार के लोगों को सूचना दी गई।