कोतवाली क्षेत्र में सोनूपार पुलिस चौकी के पास का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के खखुआ गांव से शनिवार को लापता हुए युवक का सोनूपार पुलिस चौकी के करीब 50 दूर पानी से भरे गड्ढे में सोमवार की सुबह शव उतराया मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने शव की पहचान नीरज त्रिपाठी के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, नीरज त्रिपाठी (23) पुत्र करुणापति त्रिपाठी निवासी खखुआ थाना कोतवाली शनिवार को घर से अचानक लापता हो गया। पुलिस के मुताबिक, वह अक्सर दो-तीन दिन पर वापस घर आ जाता था, इसलिए परिवार के लोगों ने ढूंढने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। सोमवार की सुबह सोनूपार के ग्रामीणों की शव पर नजर पड़ी तो शोर मचाया।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान करते हुए बताया कि शनिवार को नीरज घर से निकला था। तभी से वह घर पर नहीं आया था। कोतवाल राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नीरज की मौत पानी में डूबने से हुई है।