लालगंज थाना क्षेत्र के हरैया गांव के तीन वर्षीय रेयांश की मौत होने पर रोते-बिलखते परिजन।
रविवार को खेलते समय लापता हुआ था हर्रैया गांव का तीन वर्षीय रेयांश
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। लालगंज थाना क्षेत्र के हर्रैया गांव से खेलते समय लापता हुए तीन वर्षीय मासूम का शव घर के पीछे करीब 100 मीटर दूर पानी से भरे पोखरे में उतराया मिला। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। कयास लगाया जा रहा है कि खेलते-खेलते वह पोखरे में जाकर डूब गया होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में घटना से कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हरैया गांव निवासी अखिलेश चौधरी का तीन वर्षीय बेटा रेयांश चौधरी रविवार को घर के पास खेल रहा था। दोपहर बाद वह सबकी नजर से ओझल हो गया। उसके लापता होने की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया। लोगों ने पूरे गांव के अलावा खेत और कुएं में भी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद घर वालों ने पहले डायल 112 पर सूचना दी।
एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर से टीम के साथ बच्चे की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान घर के पीछे पोखरे में उसका शव उतराया हुआ मिला। परिवार के लोगों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।