- बभनान के लक्ष्मीबाई वार्ड की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान, बस्ती। विद्युत उपकेंद्र बभनान के एक संविदा कर्मी का बभनान के लक्ष्मीबाई वार्ड में अभिनव इंटर कॉलेज व जूनियर हाईस्कूल परिसर के बीच शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों में लाइन ठीक करते समय करंट लगने की बात कर रहे हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शव रखा गया है। पैकोलिया व गौर थाने की पुलिस मौजूद है। समाचार लिखे जाने तक बिजली निगम व परिवार का कोई नहीं पहुंचा था।
पड़ोसी जनपद गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मक्कलपुर गांव निवासी अजय कुमार मौर्य विद्युत उपकेंद्र बभनान में लाइनमैन के पद पर संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे। बुधवार की शाम उसका शव नगर पंचायत बभनान के लक्ष्मी बाई वार्ड में जूनियर हाई स्कूल के समीप सड़क किनारे पड़ा शव को देखकर लोगों ने इसकी सूचना विद्युत उपकेंद्र बभनान को दिया। आनन-फानन अन्य संविदा कर्मी मौके पर पहुंच गए और उसे बभनान के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने पल्स न चलने की बात बताई तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चर्चा हैं कि दिवंगत अजय मौर्या किसी उपभोक्ता का लाइट सही करने के लिए गया था। केबिल सही करते समय उसे करंट मार दिया। संविदा कर्मी को करंट के चपेट में आते ही उपभोक्ता वहां से भाग खड़ा हुआ। किसी को को घटना के बारे में जानकारी भी नहीं दिया। जिसके चलते संविदा कर्मी वहीं घंटों पड़ा रहा। पावर हाउस तैनात संविदा कर्मियों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी अभी विभाग की जिम्मेदार नहीं आए। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि परिवार के लोगों के आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।