बभनान शुगर मिल कर्मी की मौत पर रोते विलखते परिजन।
बस्ती। बभनान चीनी मिल में कार्यरत 55 वर्षीय कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उसका शव मिल के पानी के टैंक में उतरता पाया गया। बुधवार रात को घर न पहुंचने पर परिवार के लोग ढूंढते हुए मिल में पहुंचे। परिसर में तलाश करने के बाद पानी के टैंक में शव पाया गया। गोंडा जिले के छपिया थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में शुरू की है। प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि टैंक सफाई के दौरान डूबकर मौत हुई होगी।
जनपद गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महरागौरा गांव निवासी 55 वर्षीय कनिकराम वर्मा बभनान चीनी मिल में नियमित कर्मी के रूप में कार्यरत थे। परिवार के लोगों का कहना है कि वह बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से चीनी मिल में ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। शाम 5:00 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। वे लोग रात भर उनकी तलाश करते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोग बृहस्पतिवार को बभनान चीनी मिल पहुंचे। टाइम ऑफिस में पता चला कि बुधवार सुबह उनकी हाजिरी बायोमेट्रिक मशीन पर अंकित है मगर ड्यूटी के बाद बाहर निकालने का उंगली का चिन्ह बायोमेट्रिक मशीन पर नहीं पाया गया। इससे संदेह और भी गहरा गया। इसके बाद उनकी तलाश चीनी मिल परिसर में शुरू हुई। कुछ देर बाद मिल परिसर में बने पानी की टैंक में उनका शव उतरता पाया गया। फिलहाल छपिया पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया। इस संबंध में छपिया थानाध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
-
लोहे की शीट का बना है टैंक का ढक्कन
जिस टैंक में शव पाया गया उसकी छत लोहे की शट से बनी हुई है। जो जंग लगने के कारण कई जगह से टूट गई है। आशंका जताया जा रहा है कि चीनी मिल के बॉयलर की सफाई के दौरान वह टैंक में गिरे होंगे। माना जा रहा है कि टैंक में पानी ज्यादा भरा होने के कारण वह डूब गया और मौत हो गई।
-
तीन लाख नकद, बेटे को नौकरी
बभनान चीनी मिल के श्रम अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि दिवंगत के परिजनों को तीन लाख नकद सहायता राशि दी गई है। वहीं उसके एक पुत्र को चीनी मिल में नौकरी भी दी जाएगी।