ससुराल के लिए निकले युवक का शव मिला
बस्ती। ससुराल जाने के लिए घर से निकले युवक का सोनहा थाना क्षेत्र के मुड़िला अव्वल गांव के निकट तालाब किनारे बुधवार सुबह शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने बताया कि स्थानीय थाना क्षेत्र के पटखौली पूरब गांव निवासी इसराइल (28) का शव मिला है। उन्होंने आशंका जताई कि युवक की मौत बाइक से गिरने के कारण लगी चोट के कारण हो सकती है।
इसी थानाक्षेत्र के पटखौली पूरब निवासी इसराइल पटखौली चौराहे पर एक एजेंसी पर गैस सिलिंडर ढोने वाली गाड़ी चलाते थे। मंगलवार रात वह अपनी गर्भवती पत्नी का हालचाल लेने अपनी ससुराल रुधौली थाना क्षेत्र के मैनी गांव के लिए निकले। अगली सुबह बरडांड़-सोनहा मार्ग पर सोनहा थानांतर्गत मुड़िला अव्वल गांव के निकट तालाब की पुलिया के पास इसराइल का शव मिला। सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय मौके पर पहुंचे।
शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। एसएचओ के अनुसार, शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। इससे लग रहा है कि पुलिया पर बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने के कारण चोट लगी। प्रकरण में कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर इसराइल की मौत से उनकी पत्नी अफरीन व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।