दुबौलिया क्षेत्र के गौरा चांदपुर तटबंध पर युवक का शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस।
बस्ती। दुबौलिया थानांतर्गत गौरा चांदपुर तटबंध पर भिऊरा गांव के निकट एक युवक का शव शनिवार को सरयू नदी में उतराया मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के सीने व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी पहचान ग्राम पकड़ी बख्तावर गांव निवासी 25 वर्षीय सुरेश उर्फ कुचई के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पकड़ी बख्तावर निवासी सुरेश उर्फ कुचई (25) चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर के थे। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उनके दोनों भाई अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं, जबकि सुरेश घर पर अकेले ही रहते थे। सुरेश के पिता की करीब 15 वर्ष पूर्व नदी में डूबने से मौत हो गई थी, जिनका शव आज तक नहीं मिला। मां की भी एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। सुरेश मेहनत मजदूरी करते थे। गांव के लोगों का कहना है कि वह शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे गांव के राममूरत की साइकिल लेकर निकले थे, लेकिन शाम को घर नहीं लौटे। शनिवार को उनका शव गौरा चांदपुर तटबंध पर भिऊरा गांव के पास सरयू नदी में उतराया मिलने की सूचना मिली, लेकिन सुरेश के न तो कपड़े मिले और न ही साइकिल बरामद हो सकी है। ऐसे में उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी इंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।