बीमार हालत में देर रात कस्बे में आया था
संवाद न्यूज एजेसी।
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के हाईवे के किनारे स्थित विक्रमजोत चौकी के पास बुधवार सुबह साधु वेशधारी बुजुर्ग का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के करीब स्थित एक मिष्ठान भंडार पर मंगलवार रात करीब नौ बजे एक साधु बीमार अवस्था में पहुंचा। उसकी स्थिति देख दुकान संचालक विश्वजीत विश्वास ने पास के निजी चिकित्सक से उसका इलाज कराया। रात काे सोने के लिए कंबल आदि उपलब्ध करा दिया। वहीं पर सड़क किनारे स्थित एक बंद दुकान में सोने की व्यवस्था कराई।
लोगों कि माने तो सुबह 6 बजे सोकर उठे साधु ने भजन-कीर्तन किया। करीब 8 बजे अचानक उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सुबह बातचीत के दौरान कुछ लोगों से उन्होंने अपना नाम सच्चिदानंद निवासी अयोध्या राम हाल्ट बताया था। पुलिस ने आसपास के थानों में लोगों से साधु की पहचान का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसलिए शव को मोर्चरी भेजा गया है।