रेलवे पुल के नीचे मिला अधेड़ का शव
- कोतवाली क्षेत्र के बनकटा के पास का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली थानाक्षेत्र के बनकटा रेलवे ब्रिज के नीचे शुक्रवार को सुबह करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
एसएचओ शशांक शेखर राय ने बताया कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्से में चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि पुल के ऊपर से गिरने की वजह से उसकी मृत्यु हुई होगी।
मृतक के शरीर पर सफेद रंग का कुर्ता पायजामा व क्रीम के रंग का आधी आस्तीन का स्वेटर पाया गया। कलाई में सफेद धातु का चुल्ला, गले में काले रंग के धागे की माला है। साथ ही लाल रंग के धागे में सफेद तथा भूरे रंग की गुरिया की माला है। पुलिस के मुताबिक उसके पास से ऐसा कोई सामान नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके।
मृतक की जेब से एक बंडल बीड़ी व एक शीशी देशी शराब मिला है। पुलिस ने मृतक की जेब से मिली शराब की शीशी पर लगा क्यूआर कोड स्कैन किया तो पता चला कि वह शराब सल्टौआ क्षेत्र के जिनवा की सरकारी शराब की दुकान से खरीदी गई है। पुलिस ने सोनहा और रुधौली थाने से भी पहचान के लिए संपर्क किया है। शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस के मोर्चरी में रखवाया गया है।