मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
हर्रैया थाने के मिर्जापुर गांव में रविवार को भोर में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में रविवार की सुबह 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में छत की कुंडे से साड़ी के फंदे से लटका मिला। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, छावनी थाना के कुआगांव निवासी स्वर्गीय राम प्रताप की बेटी रेनू की शादी 12 दिसंबर 2022 को हर्रैया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बुद्धिराम के बेटे अशोक के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल में रेनू ठीकठाक रह रही थी। रेनू का पति विदेश में कमाई कर रहा है। मृतका के भाई राकेश ने बताया कि ससुराल वालों ने रविवार की भोर में मोबाइल फोन से सूचना दी कि रेनू की हालत काफी खराब है। वह होश में नहीं है।
मायके से मृतका के परिजन जब उसके ससुराल पहुंचे तो उसका शव कमरे में देख रोने-बिलखने लगे। भाई राकेश ने आरोप लगाया कि बहन रेनू की उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर कर शव को कुंडे से लटका दिया है। वहीं, घटना को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। मृतका के घर पर उसके बुजुर्ग सास, ससुर के साथ दिव्यांग देवर सुनील रहता है। हर्रैया प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।