बस्ती। लोगों को घर बैठे ऑनलाइन कमाई कराने का झांसा देकर ठगी की घटनाएं इन दिनों बढ़ी हैं। साइबर ठग शुरू में लोगों को उनके खाते में प्वाइंट दिखाकर यह बताने की कोशिश करते हैं कि वह लाखों की कमाई कर रहे हैं। इसी तरह वह रुपये ऐंठते रहते हैं और बाद में उनके नंबर बंद हो जाते हैं। कई मामलों में शिकायत के बाद जांच हो रही है।
मोबाइल-कंम्यूटर पर अक्सर मैसेज आता है कि घर बैठे पैसा कमाना चाहते हैं तो इन नंबर पर काल करें या मैसेज करें। इस तरह के लालच में आकर कई लोग संपर्क भी कर लेते हैं। जो आखिर में साइबर अपराधियों की बातोंं में फंसकर खाते में जमा रकम गंवा बैठते हैं।
केस एक
वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से आया था मैसेज
-गांधीनगर की एक महिला ने बताया कि 21 मार्च 2023 को उनके वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से एक मैसेज आाया। कहा गया कि तीन यूट्यूब वीडियो लाइक करने पर खाते में 210 रुपये मिलेंगे। फिर कहा गया कि इन वीडियो के स्क्रीन शॉट टेलीग्राम से डाउनलोड कर उस पर पोस्ट करिए। इसके बाद कई अन्य सदस्यों के साथ एक ग्रुप में जोड़ लिया। इसी दिन उसके पीएनबी खाते में 210 रुपये आ गए। बाद में उनसे 33 सौ रुपये सिक्योरिटी जमा करने को कहा गया। रुपये जमा करने पर उनकी आईडी ब्लाॅक कर दी गई।
केस दो
कर्मचारी को लगाया 19 हजार का चूना
पिछले दिनों शहर में कई लोगों को साइबर ठगों ने रोजगार देने के नाम पर चूना लगाया है। स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारी को टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने को कहा गया। उसने वाट्सएप के जरिये मिले निर्देशों के हिसाब से टास्क पूरे किए तो उसके खाते में पहली बार 495 रुपये का भुगतान किया गया। जब कर्मचारी को विश्वास हो गया तो साइबर ठगों ने उनसे तीन बार में 19 हजार रुपये अपने खातों में डलवा लिए। कर्मचारी ने कोतवाली में इसकी शिकायत की है।
-
केस दो
कुछ किए बिना कमाई कराने का औचित्य नहीं
साइबर अपराधियों ने लोगों को फंसाने के लिए तमाम तरीके इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। लोगों को यह समझना चाहिए कि बिना कुछ किए कमाई कराने का कोई औचित्य नहीं होता। इसलिए सावधान रहना चाहिए। ठगी का शिकार होने पर पुलिस से शिकायत करनी चाहिए।
-आरके भारद्वाज, आईजी
-
ये बरतें सावधानी
- किसी को आधार कार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
- किसी नए लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
- किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
- किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
- रात में सोते वक्त मोबाइल पर इंटरनेट बंद करना भी ठगी से बचाता है।
- फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
- ठगी होते ही 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें।
- ठगी का पता चलते ही तत्काल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराएं।