बस्ती। कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों की सुविधा के लिए फोरलेन ही नहीं शहर के मार्गों पर भी रूट डायवर्जन लागू होगा। बड़ेबन से लेकर भद्रेश्वरनाथ तक जिन-जिन रास्तों से होकर कांवड़ियों का जत्था जाता है, उस पर आम यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह डायवर्जन 12 जुलाई से लागू हो जाएगा। 13 जुलाई तक कांवड़ियों की भीड़ कम रहने पर कुछ रास्तों पर आवाजाही बनी रह सकती है। मगर भीड़ बढ़ने के साथ ही आवश्यक कार्य को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
-
इस तरह रहेगा डायवर्जन
शहर में शास्त्री चौक, कलक्ट्रेट चौराहे पर एक बैरियर लगाकर रामचन्द्र शुक्ल तिराहे या कावंड़ियों के रास्ते पर किसी प्रकार का वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। जिन्हें बस्ती शहर से बाहर जाना है, उन्हें मूड़घाट, बड़ेबन के रास्ते डायवर्ट कर दिया जाएगा।
- पुराना डाकखाना, कटरा से आने वाले समस्त वाहनों को फव्वारा तिराहा होते हुए रौता की तरफ मोड़ दिया जाएगा। चेतक तिराहे पर बैरियर लगाकर कंपनीबाग अथवा रामचंद्र शुक्ल चौराहे से आने वाले निजी वाहनों को कंपनीबाग की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
- फव्वारा तिराहे से कोई वाहन कंपनीबाग की तरफ नहीं जाएगा। गड़गोड़िया तिराहा, कांशीराम आवास से कोई भी वाहन डारीडीहा के तरफ नहीं जाएगा। सभी वाहनों को अस्पताल चौराहे से सोनूपार की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- सोनूपार तिराहे से कोई भी वाहन डारीडीहा के तरफ नहीं जाएगा। समस्त वाहनों को अस्पताल की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। कांवड़ियों का वाहन सोनूपार तिराहे के पास बाग में पार्क होगा।
-
इस मार्ग से शहर में पहुंचेंगी कांवड़
12 जुलाई से कांवड़िये बस्ती से सरयू नदी अयोध्या नया घाट पुल से जल भरने जाते हैं। सरयू नदी से जल भर कर पैदल एनएच-28 से घघौवा थाना परसरामपुर के रास्ते विक्रमजोत, छावनी, हरैया, कप्तानगंज, नगर और फुटहिया चौराहे से बस्ती शहर पहुंचते हैं। इन्हें पटवा धर्मशाला स्कूल होते हुए दीवानी चौराह से डीएम आवास होकर शास्त्री चौराहा होते हुए भदेश्वरनाथ और पुराना आरटीओ ऑफिस मूड़घाट, कटरा होते हुए नया मार्ग होते हुए सिविल लाइन कंपनीबाग से भदेश्वरनाथ की तरफ रवाना किया जाएगा।