बैक पर आधार बनवाने के लिए लगी भीड़।
बैंकों ने निर्धारित कर दिया आधार संशोधन का मानक,, भटक रहे आवेदक
प्रति फार्म पर संशोधन के लिए वसूला जा रहा सौ रुपये, फिर भी लंबी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आधार अपडेट एवं संशोधन कराना मुश्किल हो गया है। इसके लिए शासन ने डाकखाना, बैंक एवं सहज जनसेवा केंद्रों को अधिकृत किया है। ताकि लोगों को आधार संशोधन में परेशानी न हो। मगर, व्यवस्था ऐसी कि मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। बैंकों में आधार संशोधन कराने वालों की लंबी लाइन लग रही है। बावजूद इसके यहां दिन भर में सिर्फ 30 फार्म जमा कराने का मानक निर्धारित कर दिया गया है।
डाकखाना एवं सहज जन सेवा केंद्रों पर सर्वर के काम न करने पर आधार संशोधन का कार्य नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लोग बैंकों की ओर रुख कर रहे हैं। आजकल आधार संशोधन का कार्य यूनियन बैंक, एसबीआई और केनरा बैंक की शाखाओं में किया जा रहा है। मगर, यहां दिन भर में सिर्फ 30 फार्म ही आवंटित किए जा रहे हैं। शाम तक इसे जमा कराया जा रहा है।
इन बैंकों के सामने जरूरतमंदों की सुबह से लाइन लग जा रही है। बावजूद इसके अधिकतर लोगों का नंबर नहीं आ रहा है। जैसे ही 30 की संख्या पूरी हो रही है बैंक काउंटर से फार्म देना बंद कर दिया जा रहा है। मालवीय रोड स्थित यूनियन बैंक की शाखा में पहुंचे राम प्रसाद ने बताया कि आधार संशोधन के लिए एक सप्ताह से परेशान हैं। पहले डाकखाना गए तो वहां सर्वर न चलने की जानकारी देकर लौटा दिया गया। यूनियन बैंक आए ताे यहां संशोधन के लिए केवल 30 लोगों को फार्म दिया जा रहा है। मालती देवी, सुनीता, प्रमिला आदि ने बताया कि लगातार दो दिन तक लाइन लगाने के बाद आज नंबर आया है।