अधपकी फसलें खेत में बिछने से कमजोर पड़ जाएंगे दाने
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हुई बेमौसम बारिश से किसान चिंता में डूबे हुए हैं। खेताें में अधपकी फसलें खड़ी हैं। रविवार को ओलावृष्टि और बारिश के कारण फसलें खेतों में बिछ गई हैं। यदि और बारिश हुई तो किसानों की पूंजी डूब जाएगी। बारिश से सरसों की फसल को अधिक नुकसान होगा।
शुक्रवार देर रात बदले मौसम से शनिवार व रविवार को बारिश हुई। रविवार को ओलावृष्टि व बारिश के साथ तेज हवा भी चली। जिससे फसलें खेतों में बिछ गई हैं। नवोन्मेषी पुरस्कार प्राप्त किसान राममूर्ति मिश्र ने बताया कि गेहूं में बालियां निकलने के समय किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे, तब बारिश नहीं हुई। अब जब फसलों की सिंचाई हो चुकी है तो बेमौसम बारिश हो रही है। यह फसलों के लिए नुकसानदायक साबित होगी। इससे अधपकी फसलों के दाने कमजोर पड़ जाएगें। यदि और बारिश हुई तो सड़ांध का खतरा पैदा हो जाएगा। बारिश के बाद जब धूप होगी तो सरसों की फलियां चिटकने लगेंगी। कुल मिलाकर बारिश किसानों का आर्थिक नुकसान कर रही है।
-
अभी 24 घंटे पश्चिमी विक्षोभ की रहेगी सक्रियता
- पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में शनिवार व रविवार का मध्यम बारिश का अनुमान था। रविवार को मौसम विभाग ने यह अनुमान 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया है। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी व बारिश के चलते प्रदेश के पूर्वी जिलों में पश्चिमी विक्षोभ अभी 24 घंटे और सक्रिय रहेगा। इस दौरान मध्यम बारिश हो सकती है। दो दिनों में करीब छह मिमी बारिश हो चुकी है।
...
सड़कों पर कीचड़ से आवागमन में कठिनाई
- बारिश के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर चलने में राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मालवीय मार्ग, ब्लॉक रोड, स्टेशन रोड आदि जगहों पर सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया। कीचड़ के चलते राहगीरों को आने जाने में कठिनाईयां हो रही हैं। ग्रामीण इलाकों में अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से रुधौली, बनकटी, भानपुर, सल्टौआ, सोनहा, हर्रैया, महराजगंज, कप्तानगंज, बभनान, टिनिच आदि इलाकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आकाशीय बिजली गिरने से दो ट्रांसफार्मर जले
महराजगंज (बस्ती)। हर्रैया थानांतर्गत केशवपुर गांव में रविवार दोपहर में आकाशीय बिजली गिरने से दो ट्रांसफार्मर खराब हो गए। केशवपुर एसबीआई के सामने स्थापित 25 व 10 केबीए का ट्रांसफार्मर बिजली गिरने से खराब हो गया। जिससे कई घरों के बिजली चलित उपकरण भी खराब हो गए। घटना में गांव के ही अनूप पांडये का इनवर्टर, पंखा, माता प्रसाद का पंखा, मौनू पांडेय का बल्ब व पंखा आदि खराब हो गए। हर्रैया विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। खराब ट्रांसफार्मर की जांच की जा रही है। संवाद
..
वर्जन
ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान का आंकलन तहसीलों के माध्यम से कराया जाएगा। यदि क्षति 33 प्रतिशत से अधिक हुई होगी तो किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।
कमलेश चंद्र, एडीएम।
-