करंट की चेपट में आने से जिला अस्पताल मंे भर्ती सीमा।
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज(बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र मलिया चूहा गांव में शुक्रवार की शाम छत पर लगे अरगन से कपड़ा उतारने गई किशोरी छत के किनारे से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर छत पर पहुंची बहन और मां को भी बिजली का जोरदार झटका लगा जिससे वह छत पर ही गिर पड़ी। इस हादसे में किशोरी की हाईटेंशन तार के चिपकने से मौत हो गई, जबकि मां और बहन दोनो गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार मलियाचूहा गांव में शुक्रवार की शाम को रामगोपाल यादव की 14 वर्षीया बेटी रीमा यादव छत पर बंधी अरगनी पर सूख रहे कपड़े उतारने गई। जैसे ही वह कपड़े उतारने को हुई छत के बगल से गुजर रहा हाईटेंशन उसे अपनी ओर खींचने लगा। रीमा के चिल्लाने की आवाज सुनकर छत पर पहुंची उसकी बहन 16 वर्षीया सीमा और मां 36 वर्षीया शकुंतला ने देखा कि रीमा हाईटेंशन तार से चिपक गई है। उसे बचाने के प्रयास में दोनो को बिजली का तेज झटका लगा और वे छत पर गिर पड़ी। वहीं रीमा की तार से चिपकने के कारण मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सीमा और उसकी मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बेटी की मौत और दूसरे बेटी और उसकी मां के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार में मातम पसर गया है।