छावनी। थाना क्षेत्र के रूपगढ़ गांव में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लगभग एक एकड़ गेहूं और अरहर की फसल जलकर राख हो गई।
रूपगढ़ गांव में शनिवार को दिन में 12 बजे के करीब बिजली के तारों से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। इसमें गांव के नवमी लाल यादव, रामसजीवन, रामचंदर व अर्जुन का मिलाकर लगभग चार बीघे गेहूं तथा दीनानाथ की एक बीघे अरहर की फसल खेत में ही जलकर राख हो गई। बगल के गांव अमोढ़ा की केसपती देवी की गेहूं की फसल को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया लेकिन लोगों ने जुटकर आग पर काबू पा लिया जिससे करीब पांच बिस्वा गेहूं ही जलने पाया। शेष को गांववालों ने बचा लिया।
आग से दो के छप्पर जले
पैकोलिया। बेलसड़ गांव में अज्ञात कारणों से आग लगने से दो लोगों के छप्पर जल गए। इसमें घर में रखी नकदी तथा घरेलू सामान नष्ट हो गया है। हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। पैकोलिया थानाक्षेत्र के बेलसड़ गांव निवासी करम हुसैन के घर के छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में आ गया। घर में रखे पांच हजार छह सौ रुपये, गेहूं, चावल, आटा, बिस्तर सब कुछ जलकर नष्ट हो गया है। शोरगुल पर पहुंचे गांव वालों ने आग बुझाना शुरू ही किया था कि एक चिंगारी बगल में स्थित रहमत अली के भी छप्पर पर पड़ी। देखते ही देखते छप्पर भी जलने लगा। गांव वालों के सहयोग से आग तो बुझा ली गई तब तक उनके भी घर में रखा सारा सामान जल गया।