छावनी थाना क्षेत्र के देवखाल गांव के बाग में पडोसी गांव देवकली बाबू के एक युवक की लाश मिलने पर लगी लोगो की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
छावनी। थाना क्षेत्र के देवकली बाबू गांव का रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चल पाएगी। हालांकि शव पर चोट के निशान पाए गए हैं। देवकली बाबू गांव निवासी शिवनाथ पुत्र रामअवतार (45 वर्ष) की देवखाल गांव के एक बाग में शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। गांव के लोग भाग कर बाग में पहुंचे। शिवनाथ के शव पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गांव वालों ने बताया कि शिवनाथ दिन में अधिकांश समय शराब के नशे में रहते थे। दिवंगत के भाई शिवदास ने बताया कि शिवनाथ, देवखाल गांव में जाने के लिए बता कर घर से निकले थे बीच में कैसे क्या हुआ समझ में नहीं आ रहा है। एसओ ददन सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।